भरावन। थाना अतरौली क्षेत्र के ग्राम मढ़िया में बुधवार की रात तेंदुआ की ओर से दो मवेशियों के शिकार के बाद शुक्रवार को वन विभाग की टीम ने जंगल और खेतों में कांबिंग की। कांबिंग में कहीं पर भी तेंदुए के पगचिह्न तक नहीं दिखाई दिए। तेंदुआ को लेकर गांवों में दहशत है। वन विभाग की टीम ने मढि़या गांव में कैंप शुरू कर दिया है। लोगों को तेंदुए से बचाव के तरीके बताए।
मढ़िया गांव में तेंदुआ के पगचिह्न मिलने के बाद दहशत के कारण ग्रामीण खेतों में काम करने नहीं जा रहे हैं। वन क्षेत्राधिकारी कछौना विनय कुमार सिंह, वन दरोगा सुशील कुमार श्रीवास्तव, वन रक्षक रोहित शर्मा, अशोक कुमार, हरिनाम, रविंद्र मिश्र, पंकज अवस्थी की टीम ने मढ़िया, हर्रैया, शंकरपुर व भेरिया के जंगल व खेतों में करीब दस किलोमीटर तक कांबिंग की। टीम ने बताया कि कांबिंग में कहीं पर भी तेंदुआ के पगचिह्न नहीं दिखाई दिए हैं।
वन क्षेत्राधिकारी विनय सिंह ने बताया कि टीम के साथ लगातार क्षेत्र में कांबिंग की जा रही है। ग्रामीणों से जंगल में बच्चों को साथ लेकर न जाने और झुंड बनाकर खेतों में जाने की अपील की जा रही है। बताया कि रात में बिना टार्च की रोशनी के खेत में न जाए। ग्रामीण अमित अर्कबंशी, जय सिंह, श्रीपाल, छोटू, लवकुश,संतोष ने बताया कि तीन दिन से तेंदुए की आहट से लोगों में दशहत है।