हरदोई। दीक्षा एप के प्रति शिक्षक उदासीन हैं। जिले के 12 हजार शिक्षकों ने अभी भी जानकारी अपलोड नहीं की है।
जिले में संचालित 2,883 परिषदीय विद्यालयों में दीक्षा एप की मैपिंग कर प्रोफाइल अपलोड की जानी थी। विद्यालय के 12,948 शिक्षक, शिक्षामित्रों का एप को लाॅगिंग कर उसके माध्यम से शिक्षण कार्य करना था। इसके लिए जिला समन्वयक व ब्लॉक समन्वयक को मानीटरिंग के लिए लगाया गया था। मगर जिले में मात्र 122 विद्यालयों की प्रोफाइल की अपलोड की गई । अभी भी 2771 विद्यालयों की प्रोफाइल अपलोड नहीं हो सकी है। 12,948 शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशकों को मैपिंग करनी थी। जिसमें से मात्र 403 ने ही मैपिंग की है। अभी भी 12 हजार 545 शिक्षकों ने मैपिंग का कार्य पूरा नहीं किया है। इससे विद्यालय के विद्यार्थियों को दीक्षा एप पर मौजूद शिक्षण सामग्री उपलब्ध नहीं हो पा रही है। इससे विद्यालय के विद्यार्थियों के शिक्षण कार्य पर असर पड़ रहा है और वह आधुनिक तकनीक से नहीं जुड़ पा रहे है।
जिला समन्वयक प्रशिक्षण राकेश शुक्ला ने बताया कि मैपिंग के कार्य के लिए सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को बीएसए के माध्यम से पत्र जारी किया गया है।