संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। टीबी संविदा कर्मचारियों ने लंबित मांगों को लेकर छह सूत्री ज्ञापन जिला क्षय रोग अधिकारी के माध्यम से जिला प्रशासन को सौंपा। मांगें न माने जाने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है। शुक्रवार से यह लोग काली पट्टी बांधकर कार्य करेंगे। उसके तीन दिन बाद यह लोग निक्षय एप पर कोई कार्य नही करेंगे।
टीबी कंट्रोल एंप्लाइज वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष योगेंद्र सिंह, महामंत्री सुरेंद्र कुमार की ओर से दिए गए ज्ञापन में कहा कि लंबित सामूहिक बीमा योजना लागू की जाए, कर्मियों को पंडित दीन दयाल उपाध्याय कर्मचारी कैशलेस बीमा योजना का लाभ दिया जाए, कई वर्ष से कार्यरत लैब टेक्नीशियन, डाटा एंट्री ऑपरेटर, टीबीएचवी व ड्राइवर का मूल वेतन नए राष्ट्रीय कार्यक्रम मेंटल हेल्थ, ब्लड बैंक, एनसीडी के चालकों के समान किया जाए।
साथ ही कर्मियों को क्षेत्रीय भ्रमण के लिए मिलने वाली धनराशि वेतन में समाहित हो, 10 एवं 15 व 20 साल की सेवा पूरी कर चुके कर्मचारियों को लॉयल्टी बोनस मिले। इस मौके पर ब्रजेश मित्रा, महेश श्रीवास्तव, मनोज शुक्ला, मनीष मिश्रा, हरिनाम सिंह यादव, अजीत सिंह, कमलेश खान डिसूजा, आदि कर्मचारी मौजूद रहे।
मांगे पूरी न होने पर इस तरह करेंगे विरोध प्रदर्शन
कर्मचारियो ने बताया कि लंबित मांगे न माने जाने पर 25 से 28 अगस्त तक काली पट्टी बांधकर कार्य करने, एक से 26 सितंबर तक निक्षय पोर्टल पर डाटा अपलोड न करने के साथ 27 सितंबर को लखनऊ में विरोध-प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। यदि फिर भी मांगें न मानी गईं, तो कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।