मल्लावां। मेहंदीघाट रोड पर अंटिया गांव के पास दूध टैंकर और धान से लदी ट्रैक्टर-ट्राली में टक्कर हो गई। हादसे के बाद टैंकर पलट गया और चालक की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रैक्टर-ट्राली का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जनपद प्रतापगढ़ के थाना मांधाता के सहजनपुर निवासी अनुज कुमार विश्वकर्मा (30) दूध का टैंकर चलाता था। शनिवार को टैंकर लेकर मेहंदीघाट रोड से जा रहा था। इसी बीच मल्लावां थानाक्षेत्र के अंटिया गांव के पास कन्नौज की ओर से आ रहे धान से लदी ट्रैक्टर-ट्राली की टक्कर हो गई। टक्कर होने के बाद दूध का टैंकर पलट गया। इसमें टैंकर चालक अनुज की मौके पर ही मौत हाे गई, जबकि ट्रैक्टर-ट्राली के चालक कन्नौज जनपद के जौनपुर निवासी अमन (32) घायल हो गया।
राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायल ट्रैक्टर चालक कन्नौज जनपद के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं टैंकर ड्राइवर के परिजनों को पुलिस ने फोन पर सूचना दी है। कोतवाल शेषनाथ सिंह के बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।