हरदोई। तहसीलों में आयोजित होने वाले संपूर्ण समाधान दिवस को हल्के में लेना 12 अफसरों को भारी पड़ गया है। सीडीओ की आख्या पर डीएम ने सख्त रुख दिखाते हुए 12 अफसरों का एक दिन का वेतन काटने के आदेश जारी किए हैं।
संपूर्ण समाधान दिवस को गंभीरता से लेने के आदेश न सिर्फ शासन के बल्कि डीएम एमपी सिंह के भी हैं। इसके बावजूद कई विभागों के अधिकारी या उनके प्रतिनिधि तहसीलों में होने वाले संपूर्ण समाधान दिवस में शामिल ही नहीं होते। बीती दो मार्च को शाहाबाद तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया था।
इस समाधान दिवस में जिला सेवायोजन अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, शारदा नहर के अधिशासी अभियंता, डूडा के परियोजना अधिकारी, लघु सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता, सहायक श्रमायुक्त, उपायुक्त मनरेगा, पिहानी के सीएचसी अधीक्षक, पिहानी के चकबंदी अधिकारी और लोनार कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक गैर हाजिर रहे।
इसके चलते इनके विभागों से संबंधित शिकायतों का निस्तारण भी नहीं कराया जा सका। सीडीओ ने इसकी विस्तृत रिपोर्ट डीएम एमपी सिंह को भेजी थी। रिपोर्ट के आधार पर डीएम एमपी सिंह ने उक्त सभी अफसरों का दो मार्च का वेतन काट देने के आदेश वरिष्ठ कोषाधिकारी को दिए हैं।