संडीला (हरदोई)। लखनऊ-दिल्ली रेलवे ट्रैक पर मंगलवार सुबह किसान एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आकर नगर पालिका के संविदा सफाई कर्मी की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
संडीला के मोहल्ला मंडई चौधरी हाता निवासी मुकेश (50) नगर पालिका में संविदा सफाई कर्मी के पद पर तैनात थे। मंगलवार सुबह वह सफाई के लिए वार्ड नंबर 17 के मोहल्ला सुंबाबाग गए थे। वहां से वापस घर जा रहे थे। तभी संडीला रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पार करते समय हरदोई की ओर से लखनऊ की तरफ जा रही किसान एक्सप्रेस की चपेट में आ गए, मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
मृतक के परिवार में पत्नी, दो पुत्र और एक पुत्री है। कोतवाल विजेंद्र सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया गया है।