हरदोई। गांवों में विकस, निर्माण में गड़बड़ी और धन दुरुपयोग की पुष्टि पर डीएम ने नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने विकास खंड अहिरोरी के बसेन की प्रधान सहित चार से जवाब तलब किया है। प्रधानों को चेतावनी दी है कि 15 दिन के अंदर साक्ष्य सहित जवाब न आने पर पंचायतीराज अधिनियम के तहत वित्तीय और प्रशासनिक अधिकार सीज किए जाने की कार्रवाई की जाएगी।
डीएम एमपी सिंह ने महीनकुंड के मजरा बृजलालपुरवा निवासी प्रधान गीता मिश्रा पत्नी राजेश कुमार के शिकायती पत्र पर सहायक निदेशक मत्स्य व पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड-दो के अधिशासी अभियंता से जांच कराई। समिति ने जांच रिपोर्ट में स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत शौचालयों में गड़बड़ी की पुष्टि की है। पति-पत्नी को भी शौचालय दिए जाने का खुलासा हुआ है। कई कामों पर मौके पर मिले काम से अधिक भुगतान किया गया है।
डीपीआरओ विनय कुमार सिंह ने बताया कि महीनकुंड की निवर्तमान प्रधान छोटी पाल और तत्कालीन व वर्तमान में विकास खंड भरखनी में तैनात पंचायत सचिव नीरज कुमार वर्मा को नोटिस जारी किए हैं।
बताया कि अहिरोरी की ही ग्राम पंचायत बसेन की प्रधान प्रेम कुमारी और पंचायत सचिव श्यामलाल गौतम को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। बसेन निवासी पंकज, प्रवेश कुमार आदि की शिकायत पर डीएम की ओर से सहायक निदेशक मत्स्य व पीडब्ल्यूभी निर्माण खंड-दो के अधिशासी अधिशासी अभियंता ने जांच कराई गई। जांच में ग्राम पंचायत के सदस्यों को बैठक में न बुलाने और कार्यवाही रजिस्टर पर हस्ताक्षर न कराए जाने की पुष्टि हुई है।