फोटो-40- मृतका प्रीती की फाइल फोटो
- फोटो : HARDOI
हरदोई। सोमवार शाम कॉलेज से पढ़ाई करके साइकिल से घर लौट रही इंटर की छात्रा को तेज रफ्तार बाइक सवार ने टक्कर मार दी। हादसे में छात्रा गंभीर रुप से घायल हो गई। परिजन उसे सीएचसी लेकर पहुंचे। जहां से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। परिजन उसे लेकर जा रहे थे लेकिन रास्ते में छात्रा ने दम तोड़ दिया।
टड़ियावां थाने के नदवा पुरवा मजरा पाला निवासी रामपाल की पुत्री प्रीती (19) कस्बे के अनिल पब्लिक महाविद्यालय में इंटर की छात्रा थी। सोमवार को वह छुट्टी होने के बाद साइकिल से वापस घर लौट रही थी। रास्ते में खेरिया गांव के पास एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना की सूचना पर पहुंचे परिजन उसे लेकर सीएचसी पहुंचे। जहां से डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक देख उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। घर वाले प्रीती को लेकर जा रहे थे। इसी बीच उसने रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।
मृतका प्रीती तीन बहनें थीं। एक उससे बड़ी और एक बहन छोटी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। इंस्पेक्टर नित्यानंद ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।