हरदोई। नए साल के पहले ही दिन से भाजपा ने लोकसभा चुनाव की तैयारियों को धार देनी तेज कर दी है। सोमवार को भाजपा कार्यालय में आयोजित पदाधिकारी बैठक और विश्वकर्मा योजना कार्यशाला में भाजपा के प्रदेश मंत्री व जिला प्रभारी ने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। कहा कि हारे और जीते हुए बूथों का वर्गीकरण कर कमजोर कड़ी को मजबूत करना है। कमजोर बूथों को मजबूत किया जाए।
गंगानगर स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित बैठक में प्रदेश मंत्री और जिला प्रभारी शंकर लाल लोधी ने कहा कि सभी बूथों पर पन्ना प्रमुख बनाना है।24 जनवरी को नव मतदाता दिवस पर कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। महिला संवाद एवं सम्मान कार्यक्रम, ग्राम संपर्क अभियान, लाभार्थी संपर्क अभियान, युवती सम्मेलन, युवा नुक्कड़ सभा आदि को लेकर अभियान संचालित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि जनता मोदी की गारंटी पर विश्वास करती है। जिलाध्यक्ष अजीत बब्बन ने कहा कि वर्ष 2023 युवा और मात्र शक्ति को समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ता जी जान से जुट जाएं। निवर्तमान जिलाध्यक्ष सौरभ मिश्र ने विश्वकर्मा योजना के बारे में कार्यकर्ताओं को जानकारी दी। बैठक को क्षेत्रीय मंत्री संजय गुप्ता, जिला महामंत्री ओम वर्मा और अनुराग मिश्रा ने भी संबोधित किया। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष राजीव रंजन मिरा, राम बहादुर सिंह, राम किशोर गुप्ता गुड़्डू, श्रीकृष्ण शास्त्री, विद्याराम वर्मा आदि मौजूद रहे।