शराब के नशे में धुत राजमिस्त्री की हुई मौत
- सवायजपुर कोतवाली के खालेपुरवा मजरा बरसोहिया गांव का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। शराब के नशे में धुत राजमिस्त्री की घर पहुंचने से पहले ही गांव के बाहर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन की। गांव में अधिक शराब पीने से मौत होने की अटकलें लगाई जा रही हैं।
सवायजपुर कोतवाली के खालेपुरवा मजरा बरसोहिया निवासी बबलू (20) राजमिस्त्री का काम करता था। बुधवार को वह गांव में ही मुन्नीलाल शर्मा के घर काम करने गया था। जहां से रात में घर लौट रहा था। इसी बीच वह गांव के बाहर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। इसका पता लगते ही विनोद के घर वाले मौके पर पहुंचे। इस बारे में कहा जा रहा है कि मिलावटी शराब पीने से उसकी मौत हुई। गांव में लोगों का कहना है कि बबलू की अधिक शराब पीने से मौत हुई है। एसएचओ सुनील कुमार सिंह ने का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।