हरदोई। सुरसा थाना क्षेत्र के ग्राम बिराहिमपुर में मंगलवार दोपहर निर्माणाधीन मकान का जीना ढहने से मलबे में दबकर वृद्धा की मौत हो गई।
बिराहिमपुर निवासी रामबेटी (57) का मकान बन रहा है। मंगलवार दोपहर रामबेटी जीने के नीचे सफाई कर रही थी। इसी दौरान जीना ढह गया। रामबेटी मलबे में दब गई।
ग्रामीणों ने मलबा हटाकर उसे बाहर निकालने का प्रयास किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी से मलबा हटवाया लेकिन तब तक रामबेटी की सांसें थम गईं। परिवार में चार बेटे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ अरविंद यादव ने बताया नवनिर्मित जीना ढहने से हादसा हुआ है। घटना की जांच की जा रही है।