हरपालपुर। अरवल थाना क्षेत्र के करनपुर गांव में अलमारी से किताबों भरा बैग निकालते समय छात्र को सांप ने डस लिया। परिजन उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
करनपुर निवासी कमलेश का पुत्र पुरुषोत्तम (10) गांव के ही एक विद्यालय में कक्षा तीन का छात्र था। बुधवार की सुबह विद्यालय जाने के लिए तैयार हुआ था। कमरे की अलमारी में रखी किताबों से भरे बैग को उठाने के लिए गया था। बैग के पीछे सांप बैठा था। सांप ने पुरुषोत्तम को डस लिया। परिजन उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गए लेकिन, डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मृतक चार भाई बहनों में तीसरे नंबर का था। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।