संवाद न्यूज एजेंसी
सांडी। सांडी थाना क्षेत्र के एक गांव में आयुर्वेदिक अस्पताल के परिसर में लगे हैंडपंप से पानी पीने गई छह साल की मासूम बच्ची को गांव का ही 35 साल का युवक उठा ले गया। पास ही स्थित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के एक कमरे में ले जाकर बच्ची से दुष्कर्म किया। बच्ची के चिल्लाने पर पहुंचे लोगों ने आरोपी को पकड़ने और बच्ची को बचाने की जगह वीडियो बनाते रहे। इस बीच आरोपी मौके से भाग निकला। बच्ची को जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। एसपी केसी गोस्वामी भी घटनास्थल पर पहुंचे।
सांडी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी छह वर्षीय बच्ची आंगनबाड़ी स्कूल में पढ़ती है। स्कूल के बाद बच्ची गांव में ही बने मंडी के चबूतरे पर खेल रही थी। इसी दौरान प्यास लगने पर पास ही स्थित आयुर्वेदिक अस्पताल के परिसर में पानी पीने चली गई। यहीं उसके पीछे-पीछे गांव निवासी 35 वर्षीय विनोद बाबा पहुंच गया। बच्ची को उठाकर अस्पताल के पास ही बने हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के एक कमरे में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
बच्ची ने शोर मचाया तो परिसर में स्थित दूसरे कमरे में मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और घटना का वीडियो बनाने लगे। इसी बीच आरोपी भाग निकला, तो कुछ जागरुक लोगों ने घटना की जानकारी बच्ची के परिजनों को दी। कुछ ही देर में मौके पर भीड़ लग गई। घटना की जानकारी पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और बच्ची को पहले सीएचसी ले गई।
सीएचसी से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बच्ची को जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बच्ची के पिता की तहरीर पर विनोद बाबा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। घटना का पता चलने पर सीओ बिलग्राम सतेंद्र सिंह, सांडी के प्रभारी निरीक्षक सुरेश चंद्र मिश्रा भी मौके पर पहुंचे।