छह दिन बाद पुलिस ने दर्ज की लूट की रिपोर्ट
- 31 जनवरी को ई-रिक्शा चालक को बेहोश कर हुई थी घटना
- टड़ियावां और पिसावां थाने में भटकता रहा पीड़ित
संवाद न्यूज एजेंसी
टड़ियावां। टड़ियावां और पिसावां थाने के छह दिन चक्कर काटने के बाद आखिरकार टड़ियावां पुलिस ने लूट की रिपोर्ट दर्ज कर ली।
सीतापुर के पिसावां थाने के गांव गुलरिहा निवासी मुकेश कुमार ने टड़ियावां पुलिस को तहरीर दी। इसमें बताया कि 31 जनवरी की शाम को दो अज्ञात लोगों ने उसका ई-रिक्शा बुक कराया। वह उसे टड़ियावां लेकर जा रहे थे। रास्ते में शाम लगभग साढ़े चार बजे हरिहरपुर पहुंचे। जहां दोनों लोगों ने शराब ठेका पर ई-रिक्शा रुकवाया और शराब पी। इसके बाद फिर आगे चलने के लिए कहा, ई-रिक्शा टड़ियावां की तरफ जा रहा था। रास्ते में पीपल चौराहे से पहले उन दोनों ने ड्राइवर के मुंह पर रुमाल डाल कर उसे बेहोश कर दिया। इसके बाद क्या हुआ, उसे कुछ नहीं पता। रात लगभग डेढ़ बजे होश आया, तो उसने अपने को सड़क किनारे पड़ा पाया। कुछ दूर जाकर एक मकान पर लोगों को जगाया और जगह के बारे में पूंछा, तो पता चला कि वह भड़ायल गांव के पास है। उसने एक व्यक्ति से मोबाइल मांगकर घर वालों को सब कुछ बता दिया।
बदमाश उसका ई-रिक्शा, सैमसंग मोबाइल और 900 रुपये नकद ले गए। पीड़ित का आरोप है कि पहले तो पुलिस ने उसकी तहरीर यह कहते हुए लौटा दी कि मामला सीतापुर जिले के पिसावां थाने का है। इस पर वह पिसावां थाने गया, तो वहां की पुलिस ने टड़ियावां थाने का मामला होने की बात कह कर उसे चलता कर दिया। कोतवाल नित्यानंद सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज जांच एसआई संतोष कुमार को सौंपी गई है।