पिहानी। सिंह भवानी मंदिर परिसर और पिहानी-चपरतला मार्ग के किनारे स्थित तालाब जल्द ही अमृत सरोवर योजना से चमकेंगे। दोनों तालाबों के लिए 2.68 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन से स्वीकृत होकर धन आवंटित हो गया है। सोमवार को अधिशासी अधिकारी अमित कुमार सिंह ने दोनों तालाबों का स्थलीय निरीक्षण कर राजस्व विभाग से पैमाइश करवा कर काम शुरू करने के लिए जरूरी प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
अधिशासी अधिकारी ने निरीक्षण के दौरान कहा कि दोनों तालाबों का अमृत सरोवर योजना से सुंदरीकरण कराया जाएगा। निर्माण कार्य से पहले तालाबों की भूमि की नाप करवा कर पहले इसे अपनी हद में लिया जाएगा। अतिक्रमण पाए जाने पर हटवाया जाएगा।
उन्होंने वरिष्ठ लिपिक गोपाल कृष्ण को निर्देश दिए कि राजस्व टीम को बुलाकर नाप करवाने के बाद चिह्नांकन करवा लें। दोनों तालाबों के आसपास रेलिंग, सीढ़ियां, लाइटिंग, ट्रैक और बेंच आदि भी बनवाई जाएंगी। ईओ ने कहा कि काम पूरा होने के बाद नागरिकों को सुबह सैर आदि करने में आसानी होगी। इसके अलावा सरकारी तालाबों पर हो रहे अवैध कब्जों पर भी रोक लग सकेगी।