हरदोई। जैसी की आशंका थी, वैसी ही स्थिति डिप्टी कलक्टरों के स्थलीय निरीक्षण में मिली। डिप्टी कलक्टरों की स्थलीय जांच में शहर के नाला-नालियों की साफ-सफाई की पोल खुलकर सामने आने लगी है। निरीक्षण में बड़े नालों पर अव्वल तो अतिक्रमण और सही प्रकार से साफ-सफाई न कराए जाने की स्थिति सामने आई। कुछ स्थानों पर नालों में नाम के लिए कूड़ा-करकट आदि साफ किया गया मिला, लेकिन तली झाड़ सफाई कहीं पर भी नहीं मिली।
डीएम एमपी सिंह ने मंगलवार को सावन की पहली बारिश में हुए जलभराव व आमजन को हुई समस्या पर स्थलीय जांच के लिए दो डिप्टी कलेक्टर नामित किए हैं। डिप्टी कलेक्टर विनोद कुमार और डिप्टी कलेक्टर राकेश कुमार सिंह ने बड़े नाला-नालियों की साफ-सफाई का निरीक्षण किया। डिप्टी कलेक्टर विनोद कुमार ने झबरापुरवा नाला के निरीक्षण में पाया कि इस पर अतिक्रमण है और नाम मात्र के लिए सफाई कराई गई है। पिहानी चुंगी से जिंदपीर चौराहा तक नाला-नालियों की व्यवस्थित साफ-सफाई नहीं कराई गई है। रेलवेगंज में भी नालों की कमोबेश यही स्थिति मिली।
डिप्टी कलेक्टर राकेश कुमार सिंह ने सिनेमा चौराहा से बड़ा चौराहा, बड़ा चौराहा से मुन्नेमिया का चौराहा, बिलग्राम चुंगी, बिलग्राम चुंगी से सांडी चुंगी और नुमाइश चौराहा से बड़ा चौराहा तक नालों की सफाई का ईओ विनोद कुमार सोलंकी और अवर अभियंता के साथ जायजा लिया। सिनेमा चौराहा से बड़ा चौराहा पर सीधे हाथ के नाला में जलजमाव और सिल्ट मिली। बिलग्राम चुंगी से सांडी चुंगी तक नाला पटा मिला। नाला पानी निकासी के कम बल्कि अतिक्रमण कर दुकानों आदि के अधिक उपयोग में होता मिला। बताया कि सभी नालों का निरीक्षण करने के साथ ही फोटो के साथ डीएम को रिपोर्ट दी जाएगी।