संवाद न्यूज एजेंसी
संडीला। श्री बमभोले हीरालाल कांवड़ समिति के तत्वावधान में मोहल्ला चौपार टोला से शिवभक्त शनिवार को गंगाजल लेने निकले। कांवड़ियां हाथों में तिरंगा लिए हुए थे और बम-बम भोले के जयकारे लगा रहे थे।
शिवभक्त गंगा जल लेने के लिए चौपार टोला से छोटा चौराहा होते हुए मुख्य मार्ग जय जवान चौक, उन्नाव रोड से बांगरमऊ रोड होते हुए नानामऊ घाट के लिए रवाना हुए। यह शिवभक्त रविवार को गंगाजल लेकर वापस संडीला आएंगे। सोमवार को भव्य शोभायात्रा के साथ मोहल्ला चौपार टोला से नगर के मुख्य मार्ग होते हुए स्टेशन रोड व नत्था वाली गली से होते हुए शोराकोठी पहुंचकर श्रीमहावीर जी मंदिर स्थित शिवलिंग पर जलाभिषेक करेंगे। मुकेश गुप्ता, प्रदीप जायसवाल, हीरालाल कश्यप, रवि चौधरी, विपुल गुप्ता सहित बड़ी संख्या में समिति के कार्यकर्ता मौजूद रहे।