हरदोई। कोरोना के मामले जिले में मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इससे निपटने के लिए जांच का दायरा और बढ़ाने के आदेश जारी किए गए हैं। इसके अलावा रेलवे और बस स्टेशन पर भी टीमें लगाने के लिए कहा गया है, जिससे गैर प्रांतों से आने वाले लोगों की जांच की जा सके। साथ ही यह भी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं कि जिन अस्पतालों में अभी तक कोरोना मरीजों के लिए बेड आरक्षित नहीं किए गए हैं, वहां भी तैयारियां पूरी की जाएं।
लखनऊ, गोंडा और फिर जनपद में कोरोना के मरीज मिलने के बाद इससे निपटने के लिए विभागीय गतिविधियां और तेज हो गईं हैं। जिले में बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 737 लोगों का सैंपल लिया। इसमें 397 लोगों की एंटीजन जांच हुई। वहीं, 340 लोगों की आरटीपीसीआर के तहत जांच की गई। जिले में एंटीजन जांच का कुल लक्ष्य 1500 का है। वहीं, आरटीपीसीआर का लक्ष्य प्रतिदिन 4220 है। इसके अलावा सांडी क्षेत्र में पाए गए कोरोना संक्रमित तीनों मरीजों के परिजनों के भी सैंपल लिए गए हैं।
सीएमओ डॉ. जेएन तिवारी का कहना है कि कोरोना को लेकर होने वाली मॉकड्रिल की तैयारियां अभी से शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
ये निर्देश मिले
- ओपीडी में आने वाले संदिग्ध मरीजों की भी होगी जांच।
- रेलवे और बस स्टेशन पर जांच टीमें लगाने के निर्देश।
- गैर प्रांतों से आने वालों की जांच के निर्देश।