संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। विकास खंड सांडी में संचालित एक निजी विद्यालय में बिना मान्यता के उच्च कक्षाएं संचालित की जा रही है। मगर इस पर कार्रवाई करने के स्थान पर विभागीय अधिकारी एक दूसरे पर जिम्मेदारी डालकर पल्ला झाड़ रहे हैं।
शासन की ओर से बिना मान्यता के विद्यालय संचालन पर पूर्ण रूप से रोक लगाई गई है। ऐसे विद्यालयों में प्रतिदिन की दर से जुर्माने का प्राविधान किया गया है। जिले में बिना मान्यता के विद्यालयों का संचालन धड़ल्ले से हो रहा है। जिसमें एक प्रकरण की शिकायत जिलाधिकारी से की गई थी। इस पर जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक को जांच कर आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए थे।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने सांडी विकास खंड में संचालित आरपीके पब्लिक स्कूल नेकपुर हातिमपुर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की मान्यता कक्षा पांच तक मिली। उन्होंने अपनी आख्या में लिखा कि विद्यालय में कक्षा पांच के स्थान पर कक्षा आठ तक की कक्षाएं संचालित मिली। इसकी कार्रवाई बीएसए स्तर से की जानी है। माध्यमिक शिक्षा विभाग से संबंधित कोई शिकायत नहीं है जबकि शिकायतकर्ता ने कक्षा 11 के विद्यार्थी शुल्क की रसीद लगाई है। इसमें विद्यालय की ओर से उससे 1600 रुपये फीस जमा कराई गई है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि आख्या गलत लगाई गई। विद्यालय को बचाया जा रहा है। वहीं डीआईओएस बाल मुकुंद प्रसाद ने बताया कि मौके पर जूनियर कक्षाएं संचालित मिली थी। जिस पर कार्रवाई के लिए बीएसए को पत्र लिखा गया है।