हरदोई। विकास खंड बावन के दुमकापुर निवासी संदीप राजपूत को पश्चिमी बंगाल के राज्यपाल डॉ. सीवी आनंद बोस ने उन्हें विशेष कार्य अधिकारी (ओएसडी) नियुक्त किया है। कोलकाता राजभवन में उन्हें रैपिड एक्शन सेल, राजनैतिक मामले एवं जनसंपर्क विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वह राज्यपाल के विशेष सेल पीस रूम के हेड का भी कामकाज संभालेंगे।
दुमकापुर में एक किसान परिवार में जन्मे संदीप राजपूत एजुकेशल मॉडल के लिए कई अवार्ड से सम्मानित किए जा चुके हैं। आईआईटी मद्रास व रूड़की में सिंपोजियम-2013 में मेंटर के रूप में काम कर चुके हैं। वह कॉरपोरेट सोशल रिसपांसिबिलिटी पर भी काम कर चुके हैं। हाल ही में उन्हें ब्रिजस्टोन इंडिया ने नेशनल अवार्ड से सम्मानित किया था।
उन्होंने शिक्षा से वंचित बच्चों की शिक्षा और स्किल डेवलेपमेंट पर काम किया है। हरदोई के ग्राम महुईपुरी में इनोवेशन मॉडल स्कूल की स्थापना की। दिल्ली व गुड़गांव में प्रवासी बच्चों के लिए इनोवेशन मोबाइल स्कूल संचालित किए हैं। संदीप राजपूत ने प्राथमिक शिक्षा ग्राम दौली व बरवन और माध्यमिक शिक्षा जीआईसी व ग्रेजुएशन सीएसएन डिग्री काॅलेज से किया है। (संवाद)