गांव शेखूपुर में पाइप लाइन लीकेज होने से रास्ते पर जमा कीचड़।
- फोटो : Samvad
शासन की हर घर जल योजना में लापरवाही और बेहद धीमी गति से कार्य होने के कारण ग्रामीण परेशान हैं। कई गांवों में गलियां खोद दी गई हैं। पाइपलाइन जगह-जगह लीकेज होने से पानी सड़कों पर बह रहा है। इससे कीचड़युक्त रास्ते से निकलने में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गांव शेखूपुर में हर घर जल योजना के तहत पीने पानी की टंकी का निर्माण कराया जा रहा है। गांव में गलियां खोदकर पाइपलाइन डाल दी गई हैं। गांव में करीब 500 परिवार हैं जिनमें से 300 परिवारों में पानी का कनेक्शन कर दिया गया है। महज 100 घरों तक बेहद ही कम प्रेशर के साथ बमुश्किल पानी पहुंच रहा है। जगह-जगह लीकेज होने के कारण पानी प्रेशर के साथ नहीं आ रहा और पानी सड़कों पर ही बहता रहता है। इससे जल बचाओ अभियान को तो पलीता लग ही रहा है, साथ ही लोगों को भारी परेशानी हो रही है। प्रेशर नहीं होने से एक बाल्टी पानी भरने में भी काफी समय लगता है। इससे लोग आज भी हैंडपंपों का सहारा ले रहे हैं। कार्य इतनी धीमी गति से चल रहा है कि डेढ़ साल में भी कार्य पूर्ण नहीं हुआ है। वाल्मीकि बस्ती में करीब 50 परिवार हैं, उनमें एक भी घर को कनेक्शन नहीं दिया गया।
- कार्य बेहद धीमी गति से और लापरवाही से हो रहा है। ग्रामीणों के साथ मैं काफी कहासुनी करता हूं फिर भी कार्य करने वालों पर कोई असर नहीं है। लोग बहुत परेशान हैं। - राजू लोधी, प्रधान
- सभी घरों तक कनेक्शन नहीं दिए गए। कनेक्शन के बाद पाइप लाइन ऊपर यूं ही छोड़ दी गई हैं। लीकेज होने के कारण प्रेशर बेहद कम है। खानापूरी की जा रही है।- शंकर लाल
- पाइप लाइन लीकेज के कारण पानी सड़क पर बह रहा है। इससे रास्ता कीचड़युक्त होने से महिला और बच्चे आए दिन गिरकर चुटैल हो जाते हैं। कोई सुनने वाला नहीं।- भगवान देवी