हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अशराफ टोला में सेवानिवृत्त नलकूप चालक ने पिस्टल से कनपटी पर गोली मारकर खुदकुशी कर ली। घटना का पता चलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मोहल्ला अशराफ टोला निवासी अवधेश मिश्रा (71) नलकूप चालक थे। सेवानिवृत्त होने के बाद वह ठेकेदारी करने लगे थे। शनिवार सुबह लगभग साढ़े छह बजे अवधेश दूध लेने के लिए घर से निकलकर सिनेमा चौराहे गए थे। लगभग सात बजे वह वापस आकर अपने कमरे में चले गए। कुछ देर बाद ही उनके कमरे से गोली चलने की आवाज आई तो परिजन व आस पड़ोस के लोग कमरे की तरफ दौड़े।
घटना की जानकारी पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तुड़वाया तो अंदर अवधेश का खून से लतपथ शव पड़ा था। पास ही उनकी पिस्टल भी पड़ी थी। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की तो बताया कि कनपटी में लाइसेंसी पिस्टल से गोली मारकर खुदकुशी की है। गोली कनपटी को पारकर दूसरी तरफ निकल गई। मृतक के परिवार में तीन पुत्र हैं, जिनमें से एक पुत्र परिवार समेत उनके साथ ही रहता है। घटना की वजह को लेकर परिजन चुप्पी साधे हैं। सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। खुदकुशी का मामला है।