हरदोई। ब्लाॅक बिलग्राम के प्राथमिक विद्यालय सरौना में मिडडे मील की खाद्य सामग्री में विषाक्त पदार्थ मिलाने की आशंका पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। खाद्य विभाग ने मौके पर पहुंच कर नमूना लिया था। शिक्षा विभाग जांच रिपोर्ट मिलने का इंतजार कर रहा है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। वहीं, पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय सरौना में 73 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। सोमवार को विद्यालय में मिडडे मील के तहत रसोइया भोजन बनाने की तैयारी कर रही थी। रसोईया सुनीता और जादुरानी के अनुसार, रसोईघर में सब्जी साफ करने के बाद जब नमक का पैकेट खोला तो उसमें चूहे मारने वाली दवाई की महक आई। उन्होंने अन्य मसाले देखें, तो उनमें भी महक आ रही थी। आटा भी महक रहा था।
उन्होंने प्रधानाध्यापक तेज सिंह विमल को जानकारी दी। प्रधानाध्यापक ने बताया कि सामग्री में महक आ रही थी, जिसकी जानकारी अधिकारियों को दी गई थी। विद्यालय में दो दिन का अवकाश था, उसी दौरान किसी के द्वारा मिलावट करने की आशंका है। मामले की जानकारी होने पर तहसीलदार बिलग्राम, खंड शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार सिंह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी मौके पर पहुंचे थे।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने सभी खाद्य पदार्थों का नमूना लेकर सामग्री को नष्ट करा दिया। मंगलवार को खंड शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार सिंह ने कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें मिडडे मील की खाद्य सामग्री में विषाक्त पदार्थ मिलाने की आशंका जताई गई है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि खाद्य विभाग की टीम ने नमूना लिया। इसकी रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। खंड शिक्षा अधिकारी को नियमित मानीटरिंग के निर्देश दिए गए है।