संडीला। औद्योगिक क्षेत्र में सिंथेटिक दूध बनाकर बिक्री किए जाने के मामले में खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने डेयरी संचालक पिता-पुत्र के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करा दी है। पुलिस ने प्रकरण की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुभाष चंद्र मौर्य ने औद्योगिक क्षेत्र में संचालित रही अभिषेक डेयरी के प्रोपराइटर लखनऊ के राजाजीपुरम निवासी नवीन मिश्रा और इनके पुत्र अभिषेक मिश्रा के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। कहा है कि औद्योगिक क्षेत्र में अभिषेक डेयरी में दो दिसंबर की रात छापामारी में 17,000 लीटर सिंथेटिक दूध मिला था। जिसे उसी समय नष्ट करा दिया गया था। डेयरी में ही 100 किलोग्राम दूध पाउडर, करीब 400 लटर दूध बनाने में उपयोग में लाया जाने वाला अपमिश्रक और एक हजार लीटर सार्विटाल मिला था। इस सामग्री को एक कमरा में सील किया गया है। सिंथेटिक दूध के दो नमूना सहित पांच नमूना जांच के लिए भेजे गए हैं। कोतवाल नित्यानंद सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई है।
पहले भी दर्ज हैं नवीन पर रिपोर्ट
अभिषेक डेयरी के संचालक लखनऊ के राजाजीपुरम निवासी नवीन मिश्रा व इनके भाई योगेश मिश्रा के विरुद्ध वर्ष 2018 में उस समय रहे खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज कुमार वर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें विवेचना में ज्ञानेंद्र यादव और रामकिशुन के नाम भी प्रकाश आए थे। छह नवंबर को एनएच-731 का काम करा रही पीएनसी के अधिकारी नटवर शर्मा ने कर्मचारी को बंधक बनाने और धमकी देने के आरोप की रिपोर्ट नवीन मिश्रा पर दर्ज कराई है। 24 सितंबर के संडीला के अनुज श्रीवास्तव ने दूध का रुपया न देने पर नवीन मिश्रा, अभिषेक मिश्रा व मुनीम प्रवीन गुप्ता के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई थी।