पिहानी। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने एक ही परिवार के चार लोगों के खिलाफ हत्या और दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पिहानी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने विशेष न्यायाधीश एससी एसटी एक्ट के न्यायालय में वाद दर्ज कराया था। इसमें बताया था कि उसकी पुत्री (25) का शव दुपट्टे से फंदे पर लटकता हुआ बीती 19 मई को मिला था। आरोप है कि सरावर निवासी अभिनय मिश्रा ने शादी का आश्वासन देकर युवती का शारीरिक शोषण किया। जब शादी के लिए कहा तो पहले कोर्ट मैरिज करने पर राजी हो गया।
कोर्ट मैरिज करने के लिए कहा गया तो जाति अलग होने की बात कहकर मुकर गया। आरोप है कि 19 मई की शाम पांच बजे घर में युवती अकेली थी। इसी दौरान अभिनय मिश्रा और उसके परिवार के ही संकेत मिश्रा, विदुर मिश्रा और संकेत के पिता संतोष मिश्रा उसके घर के अंदर घुस आए। दुपट्टे से गला घोंटकर युवती की हत्या कर दी और शव दुपट्टे के सहारे छत के कुंडे से लटका दिया। पुलिस ने शुक्रवार की शाम न्यायालय के आदेश पर अभिनय मिश्रा, संकेत मिश्रा, विदुर मिश्रा और संतोष मिश्रा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।