पाली (हरदोई)। मुकदमे में समझौता का दबाव बनाने के लिए घर में घुसकर मारपीट की रिपोर्ट नगर पंचायत अध्यक्ष समेत चार लोगों पर दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पाली कस्बे के मोहल्ला इमाम चौक निवासी नाने रस्तोगी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि नगर पंचायत अध्यक्ष रिजवान खां से उसका कोर्ट में विवाद चल रहा है। आरोप है कि शनिवार की रात साढ़े आठ बजे नगर पंचायत अध्यक्ष रिजवान खां, इमाम चौक निवासी मारूफ और मुन्ना व एक अज्ञात व्यक्ति के साथ मुकदमे में समझौता करने का दबाव घर आकर बनाने लगे। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। इसी दौरान आसपास के लोगों ने बीच बचाव किया, तो आरोपी धमकी देकर चले गए। प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर नगर पंचायत अध्यक्ष समेत चार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नगर पंचायत अध्यक्ष रिजवान खां ने बताया कि शनिवार की शाम सात बजे से रात 10 बजे के बीच वह अपने आवास पर समर्थकों के साथ मौजूद थे। पुलिस ने उनका पक्ष जानना भी मुनासिब नहीं समझा। बगैर जांच के ही रिपोर्ट दर्ज कर ली। लगाए गए सभी आरोप गलत और बेबुनियाद हैं।