12.78 लाख के कार्यों के नहीं मिले अभिलेख
- मनरेगा : सोशल ऑडिट की ब्लॉक सभा में 25,668 में सात हजार कराए गए जमा
- बेगमगंज और गोगादेव में दंपती को 100 दिन से अधिक का दिया गया रोजगार
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। मनरेगा में सोशल ऑडिट के दौरान कार्यों के अभिलेख न देने और ब्लॉक में इसका कोई हिसाब-किताब न बता पाने वाले पंचायत सचिवों को प्रतिकूल प्रविष्टि दी जाएगी। जिला विकास अधिकारी ने ऐसे पंचायत सचिवों का बीडीओ से ब्योरा तलब किया है।
विकास खंड संडीला की ग्राम पंचायतों में वर्ष 2021-22 में कराए गए कार्यों के वर्ष 2022-23 में सोशल ऑडिट में गड़बड़ी पकड़ में आई है। डीडीओ अजय प्रताप सिंह की अध्यक्षता में हुई ब्लॉक सभा में ग्राम ऐरिका में बेगमगंज और गोगादेव में दंपती को 100 दिन से अधिक का रोजगार दिया गया है। बेगमगंज में 2652 और गोगादेव में 11016 रुपये वसूली के आदेश दिए गए। छनोईया में सिटीजन इन फॉरमेशन बोर्ड न लगाए जाने पर पांच हजार की वसूली होगी। ग्राम पंचायत मंडौआ में दो हजार, मोहम्मदपुर में दो हजार और शिवनगरा में तीन हजार रुपये जमा कराए गए।
अभिलेख न देने के कारण ऐरिका में 9,25,306, भेरका में 31,467, गहिरा में 51,270, जाजमऊ में 45,432, जलालपुर में 90,735, रहीमाबाद ग्रंट में 6120 रुपये के न तो कार्य मिले और न ही अभिलेख दिखाए जा सके। डीडीओ इन ग्राम पंचायतों के पंचायत सचिवों को मध्यावधि प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए हैं। ब्लॉक सभा में हर्षवर्धन सिंह, शिल्पी सहित बीडीओ और प्रधान, पंचायत सचिव और तकनीकी सहायक शामिल रहे।