बेनीगंज। शादी का झांसा देकर किशोरी के साथ गांव का ही युवक दुष्कर्म करता रहा। किशोरी के गर्भवती हो जाने पर परिजनों को इसका पता चला। किशोरी युवक के घर उलाहना देने गई तो शादी से इन्कार करते हुए युवक के पिता ने गाली गलौज की। पुलिस ने पिता-पुत्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने बताया कि उसकी पुत्री (15) का प्रेम-प्रसंग पिछले छह माह से गांव निवासी देवारी लाल मौर्य के साथ था। पिता के मुताबिक उन लोगों को प्रेम-प्रसंग का पता नहीं था। प्रेम-प्रसंग के दौरान ही देवारी ने किशोरी के साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए और इस कारण किशोरी गर्भवती हो गई। किशोरी के गर्भवती होने पर परिजनों को पूरा मामला पता चला।
किशोरी ने गर्भवती हो जाने की जानकारी देते हुए देवारी लाल से शादी करने के लिए कहा तो उसने इन्कार कर दिया। बीती 17 जुलाई को किशोरी देवारी के घर पर उलाहना देने गई तो देवारी के पिता संतराम ने गाली गलौज कर भगा दिया। बेनीगंज कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि देवारी लाल और उसके पिता संतराम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।