- सोमवार को भारी बारिश होने की संभावना
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। मौसम में उतार-चढाव जारी है। रविवार को बारिश से लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिली। तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। सोमवार को तेज बारिश होने की संभावना बन रही है। अगले दो दिन आसमान में बादल छाए रहने और बारिश की संभावना जताई गई है।
दो दिन से आसमान में बादल छाए रहने से उमस बढ़ गई थी। उमस व गर्मी के कारण लोग परेशान थे, वहीं तापमान में भी लगातार वृद्धि हो रही थी। रविवार की सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए हुए थे और चार किमी की रफ्तार से पछुआ हवा चलने लगी।
सुबह बूंदाबांदी शुरू हुई। दोपहर को तेज बारिश हुई। करीब एक घंटा बारिश होने से तापमान में कमी आई। बारिश होने से लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिली। आसमान में बादल छाए हुए हैं। बारिश की संभावना बन रही है।
वेधशाला प्रभारी आरसी वर्मा के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो शनिवार से छह डिग्री सेल्सियस कम रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो शनिवार से तीन डिग्री कम था। रविवार की सुबह आर्द्रता 86 और शाम को 85 प्रतिशत रिकार्ड की गई।
वेधशाला प्रभारी के अनुसार सोमवार को भारी बारिश होने की संभावना बन रही है। इसके साथ ही अगले दो दिन आसमान में बादल छाए रहने और बारिश होने की संभावना है।