सांडी। स्कूली बस में प्राइवेट बस ने टक्कर मार दी। हादसे में स्कूली बस में सवार 40 छात्र-छात्राएं बाल-बाल बच गए। स्कूल बस को टक्कर लगने की सूचना फैलते ही अभिभावक घटना स्थल की ओर दौड़ पड़े। बच्चों का सकुशल देख राहत की सांस ली।
बुधवार सुबह सात बजे आशाराम इंटर कॉलेज की बस छात्र-छात्राओं को लेकर जा रही थी। सांडी तिराहा मार्ग पर ईंट- भठ्ठा के सामने पीछे से आ रही प्राइवेट बस ने जोरदार टक्कर मार दी। इससे छात्र छात्राएं सहम गए। टक्कर लगने से बस सड़क किनारे तक पहुंच गई। गनीमत रही कि आगे गड्ढे में बस नहीं गई।
वर्ना बड़ा हादसा हो सकता था। कॉलेज प्रबंधक अरुण कुमार यादव ने बताया कि अभी पुलिस में तहरीर नहीं दी गई है। स्टाफ से विचार विमर्श के बाद आगे की कार्रवाई करेंगे। थानाध्यक्ष राजदेव मिश्र ने बताया कि मौके पर जाकर दुर्घटना की जानकारी ली है। टक्कर के बाद किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।