हरदोई। कछौना कोतवाली क्षेत्र के गुजरेहटा गांव में संदिग्ध हालात में गर्भवती की मौत का मामला तूल पकड़ गया। ससुरालीजन शव के अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच मृतका का भाई मौके पर पहुंचा और हत्या की आशंका जताते हुए जानकारी पुलिस को दी। इस पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कछौना कोतवाली क्षेत्र के दीननगर मजरा गुजरेहटा निवासी राजेंद्र की पत्नी रामदर्शनी (30) गर्भवती थी। पांच दिन पहले उसे शहर के एक निजी अस्पताल में प्रसव के लिए भर्ती कराया गया था। शनिवार को उसे छुट्टी दे दी गई और प्रसव पीड़ा होने पर लाने के लिए कहा गया। रविवार को रामदर्शनी की हालत घर पर ही बिगड़ गई। परिजन उसे लेकर हरदोई लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी पर रामदर्शनी का भाई रामनिवास सोमवार सुबह गुजरेहटा पहुंचा। राम निवास के मुताबिक, वह बहन के अंतिम दर्शन कर रहा था तभी उसकी पीठ और घुटनों पर चोट के निशान दिखे। इस पर उसने पुलिस को सूचना दी और बहन की हत्या की आशंका जताई। इस पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की सही वजह पता चलेगी। इसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी।