हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र से शुक्रवार को संदिग्ध हालात में लापता हुई छात्रा की तलाश में हरदोई की पुलिस टीम दिल्ली पहुंच गई है। पुलिस ने मोबाइल की लोकेशन के आधार पर तलाश शुरू की है। प्राथमिक जांच में पुलिस को छात्रा के लापता होने में उसके किसी करीबी का ही हाथ होने का शक है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी छात्रा शहर में ही स्थित विद्यालय में पढ़ती है। शुक्रवार को छात्रा स्कूल नहीं पहुंची। पिता ने पुलिस को सूचना दी। शहर कोतवाली पुलिस ने छात्रा के परिजनों के सभी मोबाइल नंबर लेकर जांच शुरू की। इसी बीच एक मोबाइल नंबर संदिग्ध मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की। उक्त नंबर की लोकेशन दिल्ली में मिली। यह नंबर छात्रा के करीबी रिश्तेदार का ही है। शहर कोतवाल संजय पांडेय ने बताया कि टीम दिल्ली भेजी गई है। छात्रा को ले जाने वाला उसका रिश्तेदार ही है। पकड़ में आने के बाद हकीकत सामने आ जाएगी।