हत्यारोपी पत्नी व उसके जीजा को पुलिस ने भेजा जेल
- पुलिस लाइन सभागार में एसपी ने किया खुलासा
- दोनों के बीच लंबे समय से चल रहा था प्रेम प्रसंग
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। सुरसा थाना इलाके में युवक की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके जीजा को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। एसपी ने बताया कि मृतक की पत्नी का उसके जीजा से अवैध संबंध थे। इसके विरोध पर दोनों ने युवक को मौत के घाट उतार दिया था।
एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि इस मामले में मृतक की पत्नी शांति व उसके जीजा चंद किशोर को गिरफ्तार किया गया है। खुलासे के लिए गठित टीम को शनिवार की सुबह सूचना मिली की हत्या में शामिल अभियुक्त चंद किशोर नहर पुल से मंझिला पुल की तरफ आ रहे हैं। इस पर पुलिस ने घेराबंदी करते हुए मंझिला पुल के पास से आरोपी चंद्र किशोर को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त ईंट भी बरामद कर ली गई है। पूछताछ के दौरान दोनों ने हत्या की वारदात को कबूल किया है। वहीं पुलिस ने मृतक की पत्नी को शुक्रवार को ही हिरासत में ले लिया था।
जीजा पर आया दिल तो पति बन गया दुश्मन
अग्नि के सात फेरे लेकर सात जन्मों तक साथ निभाने का वादा करने वाली महिला का दिल जब अपने जीजा पर आ गया तो रिश्तों की मर्यादा तार-तार हो गई। दोनों के बीच अवैध संबंध बन गए। इसकी भनक जब उसके पति को लगी तो उसने प्यार से समझाया, लेकिन वह नही मानीं। पति को अपने संबंधों में बाधक बनता देख अपने प्रेमी जीजा के साथ मिलकर उसने अपने ही पति की हत्या कर दी।