भरावन (हरदोई)। अतरौली थाना क्षेत्र के रेहरियामऊ निवासी मजदूर की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस मृतक के करीबियों का रिकॉर्ड खंगाल रही है। मृतक के साथ ही उसके कुछ करीबी लोगों के कॉल डिटेल भी पुलिस ने निकलवाए हैं। पूरे मामले में पुलिस दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर चुकी है।
रेहरियामऊ निवासी सुरेश की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उसका शव मंगलवार सुबह उसकी ही अधबनी दुकानों में पड़ा मिला था। मृतक के पिता पुत्तू की तहरीर पर सुरेश के साथ कुछ समय तक रही महिला रामरती और पड़ोसी गांव चिरंजीखेड़ा निवासी बलराम के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया था।
घटना का खुलासा करने में लगी पुलिस ने सुरेश के साथ ही बलराम और रामरती के बारे में भी जानकारी जुटाई है। प्रभारी निरीक्षक दिलेश सिंह के मुताबिक सुरेश के करीबी दोस्त गोनी निवासी एक शख्स से पूछताछ की गई है। इसके अलावा रेहरियामऊ के ही एक व्यक्ति से भी पुलिस ने पूछताछ की है।
पुलिस को विवेचना में पता चला है कि गोनी निवासी शख्स की बातचीत रामरती और उसकी पुत्री से लगातार होती थी। घटना का खुलासा करने के लिए पुलिस ने कॉल डिटेल भी खंगाले हैं। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी नृपेंद्र कुमार ने बताया कि घटना का खुलासा जल्द ही कर दिया जाएगा।