बघौली। थाना क्षेत्र के गंगापुर गांव में सोमवार की देर शाम को सड़क पार कर रहे पांच वर्षीय बालक को तेज रफ्तार से आ रहे ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। बालक की मौत हो गई। इसके बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से भाग गया। घटना की सूचना पाकर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
गंगापुर गांव निवासी राहुल श्रीवास्तव का पांच वर्षीय पुत्र शिवा श्रीवास्तव सोमवार की देर शाम को घर के बाहर एक दुकान के पास खेल रहा था। सड़क पार करते समय तेज रफ्तार से आ रहे ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगने से शिवा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा।
थानाध्यक्ष ज्ञानेश दुबे ने बताया कि राहुल की तहरीर पर ट्रैक्टर मालिक व चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया गया है।