हरदोई जिले में सुरसा थाना क्षेत्र के सेमरा चौराहा चौकी के पास गैस सिलिंडर से लदे एक पिकअप डाला में भीषण आग लग गई। यह देख मौके पर चीख-पुाकर मच गई। आग लगने की वजह से याचायात जाम हो गया। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल ने आग पर काबू पाया। बिलग्राम निवासी आलोक की बिलग्राम में भारत गैस एजेंसी है।
मंगलवार को इसी गैस एजेंसी का एक पिकअप गैस से भरे सिलिंडर लादकर जा रहा था। इसमें 45 सिलेंडर भरे हुए थे और 2 खाली थे। यह गाड़ी सुरसा थाना क्षेत्र के सेमरा चौराहा चौकी क्षेत्र में हरदोई कानपुर मार्ग पर जा रहा था। इसी बीच पिकअप के अगले हिस्से में अचानक आग लग गई।
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इससे पिकअप जलने लगी। मामले की सूचना मिलते ही दमकल कर्मियों के साथ पुलिस पहुंची। एक घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने पर एक बड़ा हादसा टलने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। आग बुझने के बाद यातायात बहाल हो सका। सीओ सिटी विनोद द्विवेदी ने बताया कि आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट सामने आ रहा है। फिलहाल पूरे मामले में जांच की जा रही है।