बेनीगंज। सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती नजदीकियों में बदल गई। ब्यूटी पार्लर चलाने वाली युवती को शादी का झांसा देकर युवक ने यौन शोषण किया। युवती के परिजनों को पता चला तो वह लोग शादी के लिए तैयार हो गए। युवक के माता-पिता ने गाली-गलौज कर युवती के परिजन को भगा दिया। पुलिस ने युवक और उसके माता-पिता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने बताया कि वह ब्यूटी पार्लर चलाती है। चार सितंबर 2025 को बघौली थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर निवासी आशीष से उसकी दोस्ती सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। धीरे-धीरे दोनों में नजदीकियां बढ़ गई। आरोप है कि शादी का झांसा देकर आशीष ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। प्रेम प्रसंग की जानकारी युवती ने अपने घर में दी तो परिजन शादी को तैयार हो गए। बीती दो फरवरी को युवती के परिजन आशीष के घर गए, तो उन लोगों ने गाली-गलौज कर भगा दिया। कोतवाल मार्कंडेय सिंह ने बताया कि आशीष, उसके पिता रामभरोसे और मां के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।