फोटो-23- हरदोई-सवाजयपुर मार्ग की गुणवत्ता की तकनीकी टीम की जांच के समय मौजूद एडीएम वंदना त्रिवेदी।
- फोटो : HARDOI
हरदोई। पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड-एक ने हरदोई-सवायजपुर स्टेट हाईवे का पैचवर्क कराया है। इस काम का सोमवार को एडीएम की अध्यत्रता वाली तकनीकी टीम ने निरीक्षण किया। काम मानक के अनुसार नहीं पाया गया। इस पर एडीएम ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने तकनीकी टीम से कार्य के मानक अनुरूप न होने की रिपोर्ट भेजने की बात कही।
एक करोड़ से अधिक की लागत की परियोजना की गुणवत्ता जांच के लिए डीएम एमपी सिंह ने तकनीकी टीमें गठित की हैं। एडीएम वंदना त्रिवेदी की अध्यक्षता वाली समिति में पीडब्ल्यूडी पीएमजीएसवाई की अधिशासी अभियंता नीलम और नलकूप के सहायक अभियंता ने सड़क की कई स्थानों पर गुणवत्ता जांची।
स्टेट हाईवे - 27 ए हरदोई-सवायजपुर मार्ग पर किलोमीटर संख्या एक से सात और किलोमीटर संख्या 15 से 17 तक सतह सुधार कराया गया है। इसके लिए शासन ने 1102.08 लाख की स्वीकृति के क्रम में 936.74 लाख रुपये जारी किए हैं। इसमें विभाग ने 661.24 लाख रुपये व्यय किया है। एडीएम ने अभिलेखों के परीक्षण में पाया कि 275.50 लाख राशि विभाग के पास उपलब्ध है।
तकनीकी रिपोर्ट में कहा गया है कि सड़क पर सतह सुधार का कार्य दो माह पहले ही पूरा करा लिया गया, जबकि पटरी पर मिट्टी का कार्य अभी तक प्रारंभ ही नहीं कराया गया है। कार्य की गुणवत्ता मानक अनुरूप नहीं है। सड़क पर जगह-जगह पैचवर्क कराया गया है, सड़क किनारे की ऊपरी सतह की गिट्टी उखड़ रही है। सड़क के मध्य में ज्वाइंट भी ठीक प्रकार से नहीं किए गए हैं।
...तो मोबीऑयल गिरने से क्षतिग्रस्त हो रही सड़क
एडीएम की अध्यक्षता वाली तकनीकी समिति को निरीक्षण के समय पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड-एक के सहायक अभियंता ने बताया कि वाहनों से गिरने वाले मोबीऑयल के कारण सतह खराब हो गई थी। इसे मरम्मत कराकर ठीक कराया गया है।