सांडी। थाना क्षेत्र के ग्राम बघराई स्थिति वन विभाग की नर्सरी के पास स्थित साधु की कुटी से किसी जंगली जानवर ने दो कुत्तों को मारकर अपना निवाला बना लिया है। इसकी सूचना से आसपास के गांवों में दहशत है। कुटी के निकट किसी जंगली जानकार के बड़े बड़े पंजों के निशान देखे गए हैं। लोगों में आशंका है कि कोई जंगली जानवर आया है, इस पर ग्रामीण भयभीत हैं।
लोगों ने बताया कि शुक्रवार की रात नर्सरी के पास स्थिति कुटी के साधु जनों के दो पालतू कुत्तों को एक जंगली जानवर ने खा लिया। जब कुत्ते नही दिखे तब साधु जनों ने तलाश किया। कुटी के निकट में ही किसी बडे जानवर के पद चिन्ह देखने को मिले हैं। इससे आसपास के गांव बघराई, जटपुरा, मुरोली ग्वाल व पकरा सैदापुर के लोगों में दहशत है। वन रेंज अधिकारी नारेंद्र कुमार ने बताया कि टीम भेजकर पद चिन्हों की जांच कराई जाएगी।