हरदोई। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में लापरवाही पर सीडीओ ने नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने पांच पंचायत सचिवों के जनवरी के वेतन पर रोक लगा दी है। इसके साथ ही अनुशासनिक कार्रवाई का आदेश दिया है।
सीडीओ आकांक्षा राना ने बताया कि शासन की शीर्ष प्राथमिकता में शामिल प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में लक्ष्य के सापेक्ष परिवारों का सत्यापन करते हुए पंजीकरण व जियो टैग कराया जा रहा है।
ब्लॉक भरावन और संडीला में ग्राम पंचायतवार समीक्षा की गई। संडीला में ग्राम विकास अधिकारी देशराज, ग्राम पंचायत अधिकारी मानवेंद्र सिंह, भरावन में ग्राम पंचायत अधिकारी सुंदरलाल, ग्राम विकास अधिकारी जागेश्वर और आनंद प्रकाश गौतम की ओर से इसमें लापरवाही बरती जा रही है।
इन सभी का जनवरी का वेतन रोक दिया गया है। अनुशासनिक कार्रवाई के लिए डीडीओ एपी सिंह और डीपीआरओ विनय कुमार सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई है।