- बेनीगंज कोतवाली में दर्ज हुआ मामला- एक आरोपी गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंंसी
हरदोई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बेनीगंज नगर में एक कॉस्मेटिक की दुकान में छापा मार दिया। मौके से लगभग सवा क्विंटल पटाखे बरामद हुए। दुकानदार से लाइसेंस मांगा गया, तो उसने बताया कि पान विक्रेता ने पटाखे दुकान में रखवाए थे। इस पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ बेनीगंज कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। सीओ हरियावां अजीत चौहान ने बताया कि शासन के निर्देश पर पटाखों के अवैध भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान चल रहा है। इसी क्रम में मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर बेनीगंज कोतवाली की पुलिस टीम ने कृष्णा नगर में संचालित सुधीर कश्यप की कास्मेटिक की दुकान में छापा मार दिया। यहां सवा क्विंटल से ज्यादा वजन के पटाखे मिले। सुधीर ने पूछताछ में बताया कि नई बस्ती निवासी शिवा वैश्य ने यह पटाखे उसकी दुकान में रखवाए थे। सुधीर की दुकान के पास ही शिवा की पान की दुकान है। सीओ ने बताया कि उपनिरीक्षक फहीम खां की तहरीर पर सुधीर और शिवा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। इनमें से सुधीरको गिरफ्तार कर लिया गया है। शिवा की तलाश की जा रही है।