तहसील क्षेत्र के गांव गांवखेड़ा स्थित मीरा बाबा दरगाह में चढ़ावे के रूप में आने वाली रकम के भ्रष्टाचार की शिकायत पर शनिवार को पुन: अधिकारी जांच के लिए पहुंचे। लेकिन उनके सामने कमेटी के लोग उपस्थित नहीं हुए। जबकि कमेटी के लोगों को पूर्व में ही नोटिस देकर नियत दिन उपस्थित रहने को कहा था। इससे अधिकारी बिना जांच के लौट गए। कमेटी लोगों के सामने नहीं आने से अधिकारियों को भी गड़बड़ी की आशंका होने लगी है।
गांव खेड़ा निवासी दुर्गेश कुमार ने पिछले दिनों डीएम से शिकायत की थी। जिसमें आरोप था कि गांव में गोधा मार्ग पर दरगाह बनी हुई है। यहां हजारों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने आते हैं। दरगाह में दर्शन करने के दौरान चढ़ावे के रूप में लाखों रुपये आते हैं, जिसका कोई हिसाब किताब नहीं दिया जाता। उन्होंने शिकायत में बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार की आशंका जताई थी। शिकायत पर डीएम ने उप निदेशक अल्प संख्यक कल्याण एवं वक्फ द्वारा जांच कराने के आदेश दिए थे।
जांच अधिकारी निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि वह 27 मई को भी जांच के लिए आये थे तब भी कमेटी से जुड़े लोग सामने नहीं आये। उन्हें तब भी सूचना व नोटिस देकर शनिवार को पुन: जांच के दौरान दरगाह पर उपस्थित रहने को कहा गया था। शनिवार को ग्राम प्रधान इंजीनियर अमित कुमार व तमाम ग्रामवासी तो मौजूद थे, लेकिन कमेटी से जुड़ा कोई व्यक्ति सामने नहीं आया। उन्होंने कहा कि कमेटी के जांच में सहयोग नहीं करने के कृत्य से गड़बड़ी की आशंका है। अग्रिम कार्यवाही के लिए आख्या उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी।