हरदोई। चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक और उपलब्धि जुड़ने जा रही है। शासन ने यहां पर संचालित स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में नर्सिंग कॉलेज की स्थापना को स्वीकृति दे दी है। चिकित्सा शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव ने नर्सिंग कॉलेज के एकेडमिक भवन निर्माण के लिए एक एकड़ भूमि की मांग की है।
चिकित्सा शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव आलोक कुमार ने डीएम को पत्र भेजकर नर्सिंग कॉलेज की स्थापना की स्वीकृति की जानकारी दी है। कहा है कि मेडिकल कॉलेज में नया नर्सिंग कॉलेज खोला जाना प्रस्तावित है, इसके एकेडमिक भवन के लिए एक एकड़ भूमि की आवश्यकता है।
डीएम एमपी सिंह ने बताया कि प्रमुख सचिव की मांग पर सदर एसडीएम से कहा गया है कि वह करीब एक एकड़ यानी कि 60 गुणा 75 मीटर के प्लॉट की तलाश कराते हुए प्रस्ताव उपलब्ध कराएं। एसडीएम से कहा गया है कि सरकारी भूमि को प्राथमिकता दी जाए।