हरदोई। पुलिस की अभिरक्षा से फरार बंदी को लखनऊ की मड़ियावां थाना पुलिस की ओर से गिरफ्तार किए जाने की जानकारी पर शहर कोतवाली पुलिस मड़ियावां पहुंची और पूछताछ की। कुछ खास जानकारी हासिल न होने पर कोतवाली पुलिस ने बंदी को बी वारंट पर अभिरक्षा में लेने की प्रक्रिया शुरू की है।
सीतापुर जनपद के रामपुर थाना संदना निवासी फुरकान उर्फ रवि वाहन चोरी के मामले में सन 2018 में हरदोई के जिला कारागार में बंद हुआ था। चार अगस्त को उसे पुलिस अभिरक्षा में पेशी पर कचहरी लाया गया था। जहां से वह फरार हो गया था। लापरवाही पर पुलिस ने ड्यूटी पर तैनात सिपाही अमरनाथ को निलंबित कर दिया था। तीन टीमें बंदी की तलाश कर रही थी। इसी बीच मंगलवार को लखनऊ जनपद के मड़ियावां थाने की पुलिस ने फुरकान उर्फ रवि को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से आलमनगर से चुराई गई बाइक भी बरामद की है।
मड़ियावां थाने में बंदी से पूछताछ में अहम सुराग हाथ नहीं लगे हैं। कोतवाल रामकेवल तिवारी ने बताया कि उसे बी वारंट पर लेने के लिए कार्रवाई की जा रही है।