हरदोई। गांवों में विकास, निर्माण में गड़बड़ी और वित्तीय अनियमितता पर डीएम ने प्रधान और तत्कालीन पंचायत सचिव को कार्रवाई की चेतावनी दी है। दोनों से जवाब तलब किया है। 15 दिन में साक्ष्य सहित जवाब मांगे गए हैं। प्रधान को चेतावनी दी है कि जवाब न आने व संतोषजनक न होने पर पंचायतीराज अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
डीएम एमपी सिंह ने यह नोटिस जिला सेवायोजन अधिकारी और पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता की जांच रिपोर्ट पर जारी की है। गांव में कराए कार्यों की शिकायत विकास खंड टड़ियावां ग्राम पंचायत भरांव निवासी पिंकी पत्नी रामवीर, सुशीला पत्नी सर्वेश ने की थी। डीएम को दी गई जांच रिपोर्ट में समिति ने कहा है कि गांव में डाले गए पाइप की संख्या क्रय दर्शाए गए ह्मूम पाइप से कम मिली है। प्रधान ने स्वयं का मानदेय निकाला लिया है जबकि, नालियों की स्थिति ठीक नहीं मिली। राजेश कुमार और रामवीर के नाम पर गलत तरीके से भुगतान निकाला गया है। भुगतान के काेई साक्ष्य नहीं मिले हैं।
रिपोर्ट में कहा गया है कि प्राथमिक पाठशाला में सोकपिट अधूरा मिला। मंझारी गांव में रेन वॉटर हार्वेस्टिंग का काम नहीं कराया गया है। जिला पंचायत राज अधिकारी विनय कुमार सिंह ने बताया कि भरांव के प्रधान राकेश कुमार और तत्कालीन पंचायत सचिव वर्तमान में सुरसा में तैनात सत्येंद्र सिंह को नोटिस जारी की गई है।