हरदोई। दो दर्जन से अधिक गांवों के करीब 50 हजार लोगों को शासन ने नए साल पर तोहफा दिया है। ग्रामीण क्षेत्रों की नौ सड़कों को बनवाने के लिए शासन ने 13.15 करोड़ की स्वीकृति देते हुए पहली किस्त में 2.32 करोड़ जारी भी कर दिए हैं। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को काम कराने की जिम्मेदारी दी गई है।
जर्जर और क्षतिग्रस्त हो चुके मार्गों से जुड़े गांवों के लोगों को आवागमन में खासी परेशानी होती है। जरा सी चूक होने पर हादसे की भी आशंका रहती है। शासन ने चालू वित्तीय वर्ष में नौ ग्रामीण मार्गों को बनवाने के लिए स्वीकृति देने के साथ ही राशि भी जारी की है। नौ मार्गों को बनवाने के लिए शासन ने 14,15,14,000 रुपये की स्वीकृति दी है। 2,32,48,000 रुपये का बजट आवंटित कर दिया है। प्रदेश सरकार के अनुसचिव शिवकुमार ने इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के मुख्य अभियंता और डीएम को पत्र भेजकर जानकारी भी दी है।
इन मांर्गों को बनवाया जाएगा
शासन ने होली तक सड़कों का काम पूरा कराने के निर्देश दिए हैं। अहेमी-चंदेली मार्ग पर फतेपुर संपर्क मार्ग, भसड़हा संपर्क मार्ग, टड़ियावां के दधनामऊ मार्ग से हरिहरपुर-फत्तेपुर संपर्क मार्ग, शुक्लापुर भगत मार्ग पर बरसह संपर्क मार्ग, भुलभुलिया खेड़ा मार्ग पर नौमालिकपुर संपर्क मार्ग, दधनामऊ मार्ग पर बर्रासराय संपर्क मार्ग, उजागरपुरवा संपर्क मार्ग, प्रतापनगर-समरेहटा मार्ग से लोनेपुरवा होते हुए घंटा संपर्क मार्ग और प्रतापनगर-माधौगंज मार्ग पर जासू-सिकवा संपर्क मार्ग को दुरुस्त कराया जाएगा।
जर्जर मार्गों को बनवाने के लिए पीडब्ल्यूडी के माध्यम से भिजवाई गई डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट पर शासन ने अपनी मुहर लगा दी है। मार्गों को बनवाने के लिए रूरल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट फंड से स्वीकृति मिली है। जनपद को 2,32,48,000 रुपये प्राप्त हो गए हैं। पीडब्ल्यूडी के प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता से कहा गया है कि वह ई-टेंडर प्रक्रिया पूरी कराते हुए काम समय से पूरा कराएं।
- मंगला प्रसाद सिंह, जिलाधिकारी