हरदोई। आरटीपीसीआर की आई जांच रिपोर्ट में बुधवार को एक महिला बैंक कर्मी समेत नौ लोगों के कोरोना वायरस से ग्रसित होने की पुष्टि हुई है। एक मरीज की हालत गंभीर होने के कारण उसे कोविड-19 हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। इस कोरोना काल में मरीज को भर्ती किए जाने का यह पहला मामला है।
सीएमओ डॉ. राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि आरटीपीसीआर की जांच में कछौना ब्लॉक के दुगनी गांव से 40 वर्षीय पुरुष, भरावन ब्लॉक के एक गांव से 45 वर्षीय पुरुष, टड़ियावां से पुष्प ताली गांव से 30 वर्षीय महिला, कछौना से दुगनी गांव से 38 वर्षीय महिला, कछौना से 12 वर्षीय बालक, कोथावां से पलिया गांव से 50 वर्षीय महिला, शहर के फूल बेटा से 35 वर्षीय महिला, बसंतपुर से 40 वर्षीय महिला पंजाब नेशनल बैंक रेलवेगंज से 71 वर्षीय महिला को कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि की गई है।
इस तरह से बीते 24 दिनों में 61 कोरोना वायरस के संक्रमित मरीज आ चुके हैं।
हालात इस लिए खराब होते चले जा रहे हैं, क्योंकि कोरोना काल के बाद पहली किसी मरीज की हालत गंभीर हुई है। इस मरीज को कोविड 19 अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि जिस मरीज को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है, उसकी तबीयत बीते एक महीने से खराब चल रही थी। पहले वह घर पर ही दवाइयां खाकर काम चला रहा था। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया तो जांच में वह कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई।