गोधा थाना क्षेत्र के गांव बहरामपुर निवासी एक नवविवाहिता की गाजियाबाद में संदिग्ध हालत में मौत हो गई। मायके पक्ष के लोगों ने पति पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जिला कासगंज के थाना ढोलना निवासी पप्पू सिंह ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी पूजा की शादी सात माह पूर्व गोधा थाना क्षेत्र के गांव बहरामपुर निवासी सचिन के साथ की थी। सचिन गाजियाबाद में प्राइवेट नौकरी करता है। करीब एक माह पहले ही वह पूजा को अपने साथ लेकर गाजियाबाद गया था। पप्पू ने बताया कि 15 दिन पहले पूजा ने मायके फोन करके बताया था कि सचिन दहेज में 50 हजार रुपये की मांग कर रहा है। रुपयों का इंतजाम न होने पर पिता ने इंकार कर दिया तो पूजा को सचिन ने मारापीटा।
मंगलवार को सचिन ने पूजा के साथ फिर से मारपीट की। बुधवार को सचिन अपने दोस्त के साथ पूजा का शव कार से लेकर बहरामपुर पहुंचा। जानकारी होने पर मायके पक्ष के लोग भी वहां पहुंच गए। उन्होंने दहेज के लिए सचिन पर पूजा की हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।