संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। मेडिकल काॅलेज से संबद्ध जिला अस्पताल में उपचार के दौरान सीटी स्कैन कराने के लिए मरीजों को भटकना नहीं पड़ेगा। पहले से स्थापित एक सीटी स्कैन मशीन से इतर अत्याधुनिक सीटी स्कैन मशीन लगवाने की प्रक्रिया तेजी से शुरू हो गई है। मशीन की खरीद के लिए निविदा प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है। एक पखवाड़े में नई सीटी स्कैन मशीन आईपीडी में लग जाएगी।
पूर्व से स्थापित जिला अस्पताल को अब मेडिकल काॅलेज से ही संबद्ध कर दिया गया है। पुराने जिला अस्पताल में पीपीपी मॉडल पर पूर्व से ही सीटी स्कैन की सुविधा उपलब्ध थी। हालांकि पिछले सात माह में बिजली की आवाजाही के कारण यह मशीन चार बार खराब भी हो चुकी है। अब मेडिकल काॅलेज के नव निर्मित आईपीडी भवन में सीटी स्कैन की नई मशीन लगाई जाएगी।
लगभग पांच करोड़ रुपये की लागत से लगने वाली नई मशीन 128 स्लाइड की होगी। अभी स्थापित मशीन 32 स्लाइड की ही है। 128 स्लाइड की मशीन में एनजीओ ग्राफी की जांच की सुविधा भी होती है।
नई मशीन से यह भी होगा लाभ
128 स्लाइड की सीटी स्कैन मशीन लगने से स्कैन जल्दी हो सकेगा। अमूमन 30 सेकेंड ही इस मशीन से जांच करने में लगेंगे। इस मशीन में मल्टी डिटेक्टर होते हैं। दिमाग, दिल, पैरी फेरन एनजीओग्राफी, लिम्ब एनजीओग्राफी की जांच भी उक्त मशीन से आसानी से हो सकेगी। 32 स्लाइड की जो मशीन अभी लगी है उसमें स्कैन स्पीड कम होती है, लिहाजा जांच में अधिक समय लगता है। पैरीफेरल एनजीओग्राफी नहीं हो सकती।
आईपीडी भवन में नई सीटी स्कैन मशीन लगाई जाएगी। इसके लिए निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। संबंधित संस्था ने मशीन लगाने के लिए स्थान भी तय कर लिया है। जल्द ही मशीन लग जाएगी। - डाॅ. आर्य देशदीपक, प्राचार्य, मेडिकल काॅलेज