हरदोई। संडीला कोतवाली के हवालात में बंद कन्नौज का शख्स रविवार सुबह लगभग साढ़े छह बजे पुलिस को चकमा देकर भाग निकला। लापरवाही करने वाले दो सिपाहियों और फरार हुए शख्स के खिलाफ संडीला कोतवाली में रिपोर्ट भी दर्ज कर ली गई। लगभग 14 घंटे बाद पुलिस ने हवालात से फरार हुए आरोपी को फिर गिरफ्तार कर लिया। वह संडीला रेलवे स्टेशन के पास छिपा हुआ था।
कन्नौज जनपद के शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत कुसुमखोर निवासी मलिखान को एनडीपीएस एक्ट के मामले में पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उसे संडीला कोतवाली में स्थित हवालात में रखा गया था। रविवार सुबह लगभग साढ़े छह बजे कोतवाली में तैनात सिपाही शिव कुमार ने हवालात से मलिखान को निकालकर सफाई कराने लगे। इसी दौरान मलिखान पुलिस को चकमा देकर भाग गया। पहरा ड्यूटी पर तैनात सिपाही विजय कुमार भी मलिखान को पकड़ नहीं पाया। इसके बाद पुलिस टीमें मलिखान की गिरफ्तारी के लिए लगाई गईं।
इस बीच कोतवाली के उपनिरीक्षक विजेंद्र कुमार सिंह ने मलिखान के साथ साथ कोतवाली के सिपाही विजय कुमार और शिव कुमार केखिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी। शाम को लगभग आठ बजे पुलिस ने मलिखान को फिर से गिरफ्तार कर लिया। एसपी केसी गोस्वामी ने बताया कि लापरवाह पुलिस कर्मियों के खिलाफ जांच का आदेश दिया है। आरोपी की गिरफ्तारी संडीला रेलवे स्टेशन के पास से हो गई है।